चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने जनपद चम्पावत की ग्राम पंचायत मैरोली एवं ग्राम पंचायत बडपास में आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा नव-निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान की है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत ₹3.89 करोड़ निर्धारित की गई है, जिसके सापेक्ष शासन ने ₹1.87 करोड़ की प्रथम किस्त की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस योजना के पूर्ण होने के बाद दोनों ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे दैनिक आवागमन आसान होने के साथ-साथ स्थानीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित करना तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि के अनुरूप इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का कार्य बिना किसी विलंब के प्रारंभ किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।

इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण संपर्क मार्ग मजबूत होंगे और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है। DIPR CHAMPAWAT