भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने चाँफी से पदमपुरी तक मुख्य मोटर मार्ग की पिछले 10 वर्षों से चली आ रही बदहाली को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से क्षेत्र की जनता को लगातार भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मनोज शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर लगातार धरने-प्रदर्शन और ज्ञापन दिए गए, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में उन्होंने सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में बैठकर एकाकी धरना प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान उन्होंने कहा कि उनका यह प्रदर्शन पूरे प्रदेश को यह संदेश देने के लिए पर्याप्त है कि सरकार के विकास के दावे धरातल पर कितने खोखले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय सांसद, विधायक और कैबिनेट मंत्री पिछले 10 वर्षों से केवल आश्वासन देते रहे हैं, जबकि जनता की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि मुख्य मोटर मार्गों की यह स्थिति है, तो लिंक मार्गों और पैदल मार्गों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे संघर्ष की पृष्ठभूमि से आते हैं और जनता के हितों के लिए आवाज उठाना जारी रखेंगे।
मनोज शर्मा ने सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर श्रमदान के माध्यम से स्वयं सड़क को ठीक करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश ही नहीं, पूरा देश सरकार के विकास मॉडल और उसकी कथनी-करनी का अंतर देख सकेगा।
(यह समाचार कांग्रेस नेता मनोज शर्मा द्वारा जारी प्रेस बयान के आधार पर तैयार किया गया है।)


