पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान सड़क, आर्थिक सहायता, जलापूर्ति समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 36 प्रकरण प्राप्त हुए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में जांच के निर्देश दिए जाते हैं, उनकी जांच रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए। भमका जलाशय टैंक में लीकेज की शिकायत पर उन्होंने जांच कमेटी गठित कर प्रकरण की जांच करने और रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने तथा शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समुचित परीक्षण करने के साथ ही शिकायतकर्ता से स्वयं बात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से बातचीत करने पर समस्या की वास्तविक प्रकृति को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है और उसके समाधान में भी आसानी होती है।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। _ कपिल भट्ट