पिथौरागढ़, 21 अगस्त। बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टायफस जैसे संक्रामक एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम जाख पुरान एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल के निर्देशन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को इन बीमारियों के लक्षण, कारण, बचाव और समय पर उपचार की जानकारी दी।
जागरूकता गोष्ठी में स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि बरसात के दौरान मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन जाती हैं। घरों और आसपास जमा साफ पानी में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे घरों के आसपास पानी जमा न होने दें तथा पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें। कूलर, गमले, पुराने टायर और पानी जमा होने वाले अन्य स्थानों की नियमित सफाई करने की भी सलाह दी गई।
बुखार होने पर जांच में देरी न करें स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को डेंगू के साथ मलेरिया और स्क्रब टायफस को लेकर भी सतर्क किया। लगातार बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि समय पर जांच होने से बीमारी की पहचान और उपचार में आसानी होती है।
रक्त नमूने लेकर की गई जांच अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू एवं मलेरिया की जांच के लिए ग्रामीणों के रक्त नमूने लिए। ग्रामीणों को जांच प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर परामर्श भी दिया गया।
आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर किया जागरूक अभियान में आशा कार्यकर्ताओं ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ग्रामीणों को घर-घर जाकर साफ-सफाई रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और बुखार के मामलों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों से आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पानी को अनावश्यक रूप से जमा न होने देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में आरबीएसके टीम, ब्लॉक विण की एमएनएम साधना टम्टा, लैब टेक्नीशियन निरंजन भट्ट, आशा कोऑर्डिनेटर देवी प्रेमा जोशी सहित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक परामर्श भी दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टायफस की रोकथाम के लिए जिले में लगातार निगरानी, जनजागरूकता और जांच गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे अभियानों का उद्देश्य लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समय पर रोग की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है। _ vaninews


