पिथौरागढ़। जारा जिबली क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा अपनी मांगों को लेकर अधिसूचित धरना स्थल पिथौरागढ़ में पिछले पांच दिनों से किया जा रहा अनशन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार सुबह आंदोलनरत ग्रामीणों से वीडियो कॉल के माध्यम से वार्ता की और उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग के संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के सीधे संवाद और आश्वासन के बाद आंदोलनरत ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से भी ग्रामीणों को उनकी मांग को संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखे जाने का भरोसा दिया गया।
मुख्यमंत्री के आश्वासन और जिला प्रशासन के भरोसे के बाद जारा जिबली के ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना अनशन समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं उनकी समस्या का संज्ञान लेने और वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देने पर उनका आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
पांच दिनों से चल रहे आंदोलन के समाप्त होने के बाद क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है। अब ग्रामीणों की नजर शासन और शिक्षा विभाग की ओर से होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी है। _ VANINEWS


