चम्पावत, 09 जुलाई। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड द्वारा शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन चम्पावत के सहयोग से गुरुवार को टनकपुर में 'ईट राइट स्कूल' कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों के माध्यम से बच्चों में सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन की आदतों को बढ़ावा देना रहा।

कार्यशाला का आयोजन एफएसएसएआई (FSSAI) के ईट राइट स्कूल कार्यक्रम के तहत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टनकपुर में किया गया। इसमें टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में तैनात प्रधानाचार्यों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (कुमाऊं मंडल) राजेंद्र सिंह कठायत ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा, सुरक्षित एवं संतुलित आहार, स्वच्छ भोजन और स्वास्थ्यवर्धक खान-पान से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से दी गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि 'ईट राइट स्कूल' कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और उन्हें पौष्टिक एवं सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि भविष्य में कुपोषण और अस्वास्थ्यकर खान-पान से होने वाली समस्याओं को कम किया जा सके।

कार्यक्रम में अभिहित अधिकारी संजय सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, विनीत जोशी, उर्मिला खर्कवाल, दीवान राम टम्टा, शंकर सिंह, सूरज प्रकाश जोशी, गीता बिष्ट, अन्नपूर्णा जोशी, संदीप गडकोटी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।