डीडीहाट। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. माधो सिंह जंगपांगी एवं स्व. प्रेम सिंह टोलिया मेमोरियल 4-A साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। फाइनल में ग्रीन सिटी डीडीहाट और नानू वर्मा थल की टीमें आमने-सामने थीं।

शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। खिलाड़ियों ने तेज खेल, शानदार पासिंग और बेहतरीन मूवमेंट के साथ एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। मुकाबले में कई रोमांचक मौके देखने को मिले, जिससे मैदान में मौजूद खेलप्रेमियों का उत्साह लगातार बढ़ता रहा।

ग्रीन सिटी डीडीहाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नानू वर्मा थल को 4-2 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। ग्रीन सिटी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण मौकों को गोल में तब्दील किया। वहीं नानू वर्मा थल की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकी और उपविजेता रही।

फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान में मौजूद रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि बिशन सिंह चुफाल मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लोकेश सिंह भड़, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र सिंह चुफाल, मंडल अध्यक्ष पूरन खोलिया, बलवंत बोरा, मनोज कन्याल, दीपक कन्याल, कुंदन बोरा, दुष्यंत पंगती और नरेंद्र रावत सहित अन्य अतिथि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समापन अवसर पर विजेता ग्रीन सिटी डीडीहाट और उपविजेता नानू वर्मा थल की टीम को सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित इस प्रतियोगिता से क्षेत्र के युवाओं और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट