पिथौरागढ़। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान डीडीहाट और जाजरदेवल थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

डीडीहाट में शराब परिवहन करते युवक गिरफ्तार एसएचओ डीडीहाट संजय जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान नीरज सिंह खोलिया निवासी ढुंगेती को बोलेरो वाहन में 14 बोतल देशी शराब का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया गया।

जाजरदेवल में ढाबे पर शराब परोसने की कार्रवाई वहीं, थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा जाजरदेवल स्थित एक ढाबे पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ढाबे पर अवैध रूप से शराब परोसे जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक मो. नईम निवासी गैठना को अवैध रूप से शराब परोसते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज