पिथौरागढ़। उत्तराखंड राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित पिथौरागढ़ की कलावती देवी एवं प्रसिद्ध ऐपण आर्टिस्ट निशा पुनेठा का नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर महापौर कल्पना देवलाल ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर महापौर कल्पना देवलाल ने कहा कि कलावती देवी और निशा पुनेठा को राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार मिलना पूरे पिथौरागढ़ जनपद के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मार्गदर्शन में दोनों महिलाओं को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

महापौर ने कलावती देवी के आत्मनिर्भरता, आजीविका संवर्धन एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान की सराहना की। वहीं, निशा पुनेठा द्वारा उत्तराखंड की पारंपरिक एवं समृद्ध ऐपण कला के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी उन्होंने सराहनीय बताया।

उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित इन दोनों महिलाओं की उपलब्धियां पिथौरागढ़ की अन्य महिलाओं और युवतियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। उन्होंने इसे राज्य की नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने और महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान कलावती देवी एवं निशा पुनेठा ने महापौर कल्पना देवलाल सहित उपस्थित पार्षदों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। दोनों ने कहा कि यह सम्मान उन्हें अपने कार्यों को और अधिक ऊर्जा एवं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और कार्यों के माध्यम से पिथौरागढ़ जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, पार्षद नवीन वर्मा, पार्षद भूपेंद्र कठायत, पार्षद मोहित चौंसाली, मयूर नागी, चंद्र प्रकाश, पूजा कुमारी, नेहा पंत, आयुष पंत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। _vnainews