थल, पिथौरागढ़। 24वीं जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जगत सिंह पांगती राजकीय बालिका इंटर कॉलेज थल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। विद्यालय लौटने पर पदक विजेता छात्राओं को शिक्षिकाओं ने फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में रोशनी रौतेला ने भाला क्षेपण में स्वर्ण पदक तथा रोशनी टम्टा ने चक्का क्षेपण में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रियांशी चंद ने ऊंची कूद में रजत पदक जीता। वहीं तनुजा टम्टा ने चक्का क्षेपण और तारगोला क्षेपण में कांस्य पदक अपने नाम किया। यामिनी भैसोड़ा ने गोला क्षेपण में कांस्य पदक हासिल किया।
इनमें स्वर्ण पदक विजेता रोशनी रौतेला और रोशनी टम्टा, रजत पदक विजेता प्रियांशी चंद, तथा कांस्य पदक विजेता तनुजा टम्टा और यामिनी भैसोड़ा का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन ऊधम सिंह नगर में होगा। वहीं विद्यालय की संध्या मेहता का चयन राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन चमोली के गोपेश्वर में किया जाएगा।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्या विमला रावत सहित खेल एवं व्यायाम शिक्षिका लता मेहता, रुचि थपलियाल, हिमांशी बाफिला, दीपा चन्याल, हेमलता जोशी, निर्मला आर्या, महेश जोशी, दीपा जोशी और लक्ष्मण कार्की ने छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताई।
प्रधानाचार्या विमला रावत ने सभी पदक विजेता छात्राओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्राओं की यह सफलता विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है। _ अनिल कार्की थल


