पिथौरागढ़/थल।
जनपद पिथौरागढ़ को जोड़ने वाले प्रमुख थल-सातशिलिंग राजमार्ग पर देर रात हुई बारिश के चलते तड़ीगांव के पास मलबा और पत्थर गिरने से सड़क बंद हो गई। सड़क रात करीब 3 बजे से सुबह 8 बजे तक यातायात के लिए बाधित रही। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, रात में 108 एंबुलेंस एक मरीज को पिथौरागढ़ छोड़कर वापस थल की ओर लौट रही थी। इसी दौरान सड़क बंद होने के कारण एंबुलेंस भी मार्ग में फंस गई। एंबुलेंस चालक के अनुसार, सुबह लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ को सड़क बंद होने की सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर आए मलबे और पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया। करीब सुबह 8 बजे सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
सड़क बंद रहने के दौरान 108 एंबुलेंस, आंचल दूध की आपूर्ति करने वाले वाहन, पिथौरागढ़ से बागेश्वर जाने वाली टैक्सियां, स्कूल बसें और बड़ी संख्या में निजी वाहन काफी देर तक फंसे रहे।
सुबह सड़क खुलने के बाद यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर लगातार मलबा और पत्थर गिरने की घटनाओं से यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल VANI NEWS


