देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, UKPSC की JE एवं AE भर्तियां जल्द जारी करने और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाल के दिनों में देशभर में NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हुए हैं।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। "आवाज दो, हम एक हैं", "पुष्कर धामी होश में आओ", "हिटलरशाही नहीं चलेगी" और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। इसी के साथ उन्होंने उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित UKPSC की JE और AE भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग भी दोहराई।

युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्रमुख मांगें NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय हो।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।

UKPSC की JE एवं AE भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।

युवाओं के लिए पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रणाली लागू की जाए।

प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई हो।

_ मीडिया रिपोर्ट्स