पिथौरागढ़, 1 अक्टूबर 2026। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत फूलदेई नाट्य दल समिति, पिथौरागढ़ ने राजकीय इंटर कॉलेज धारचूला और राजकीय इंटर कॉलेज जौलजीबी में नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ‘विकसित भारत’ और जनगणना में सेल्फ एन्यूमरेशन (Self Enumeration) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। कलाकारों ने सशक्त अभिनय, संवाद और रोचक प्रस्तुति के माध्यम से नागरिकों को जनगणना में स्वेच्छा से भाग लेने तथा सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया को समझने के लिए प्रेरित किया।

प्रस्तुति में विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और जिम्मेदारी को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। मनोरंजन के साथ सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े संदेशों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

धारचूला में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह बुदियाल, सांसद प्रतिनिधि, जबकि जौलजीबी इंटर कॉलेज में प्रमोद सिंह ऐरी मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान अन्य कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। दोनों कार्यक्रमों में लगभग 450 दर्शकों ने सहभागिता की।

नाटक में रोहित यादव, विशाल सिरौला, गौरव पार्की, साक्षी तिवारी, संजना मेहरा और दिया फर्स्वाण ने अभिनय किया।

दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। फूलदेई नाट्य दल समिति द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।