पिथौरागढ़। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करते हुए वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ जन हमारे आदर्श हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन के संघर्ष, अनुभव, सीख और तपस्या से समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है तथा नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेनी चाहिए।

डीएम ने कहा कि वृद्धजनों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से भी अपने अनुभवों और सुझावों को साझा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी लोगों से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी हरीश आर्य सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।