थल, पिथौरागढ़। न्याय पंचायत अठखेत के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धाराकौली के तीन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयन हुआ है। कक्षा 9 में अध्ययनरत कल्पना बसेड़ा, मनीष महर और हरीश जोशी ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
तीनों विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, शिक्षक बंशीधर जोशी, एसएमसी अध्यक्ष चम्पा देवी, अभिभावक संघ की अध्यक्ष मीना देवी तथा दौलीकौली के ग्राम प्रधान दीवान सिंह खर्कवाल सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों एवं स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है। शिक्षकों ने चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल


