देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून में आयोजित खेल विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को नई खेल नीति तैयार करने की प्रक्रिया में आम जनता एवं खेल जगत से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक ऑनलाइन लिंक शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से नागरिक और खेल विशेषज्ञ अपने सुझाव दे सकेंगे।
रेखा आर्या ने कहा कि नई खेल नीति के लिए प्राप्त होने वाले उत्कृष्ट सुझावों का मूल्यांकन किया जाएगा और सबसे बेहतर सुझाव देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई खेल नीति में केंद्र सरकार की खेल नीतियों के प्रमुख प्रावधानों को शामिल करने के साथ-साथ उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने तथा उन्हें बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक के दौरान खेल मंत्री ने प्रदेश में प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अनुसंधान और खेल शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए खेल विश्वविद्यालय की स्थापना महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
रेखा आर्या ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि देश और विदेश में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को 'आउट ऑफ टर्न' सरकारी नौकरी देने तथा उन्हें विभिन्न खेल अकादमियों में समायोजित करने की प्रक्रिया को बिना किसी अनावश्यक देरी के पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों के अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को मिलना चाहिए, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति और अधिक मजबूत हो सके।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश मंमगाई सहित खेल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


