पिथौरागढ़, 25 सितंबर 2026। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता और आपदा प्रबंधन का संदेश देने के उद्देश्य से इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस) और माउंटेन न्यूता के दो युवा प्रशिक्षक पवन और शुभम् दारमा वैली के सीपू गांव के लिए साइकिलिंग अभियान पर रवाना हुए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेएस चुफाल और मुख्य शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौंगाई ने हरी झंडी दिखाकर दोनों युवाओं को रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने जनपद में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता जताई।
आईस संस्था के अध्यक्ष विश्वदेव पांडेय ‘वासू’ और माउंटेन न्यूता के अध्यक्ष अनुपम बेरी ने बताया कि यह अभियान प्रसिद्ध पर्वतारोही स्वर्गीय पुरमल सिंह धर्मशत्तू की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान पवन और शुभम् पिथौरागढ़ से दारमा घाटी के सीपू गांव तक साइकिलिंग करेंगे।
पिथौरागढ़ में करीब 1625 मीटर की ऊंचाई से शुरू होने वाली यह यात्रा 3500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सीपू गांव तक पहुंचेगी। करीब 364 किलोमीटर की यात्रा छह रात और सात दिन में पूरी की जाएगी।
अभियान का मुख्य संदेश “नशे से रहें दूर, जीवन संवारें भरपूर” और “आपदा से आगे, उम्मीद की सवारी” रखा गया है। आयोजकों के अनुसार अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आपदा की परिस्थितियों में जागरूक और सक्षम बनने का संदेश दिया जाएगा।
डॉ. चुफाल और हिमांशु नौंगाई ने आईस और माउंटेन न्यूता के प्रयासों की सराहना करते हुए आपदा प्रबंधन के लिए स्थानीय लोगों को जागरूक करने और नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विभागीय स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार महेश चंद्र पुनेठा, क्लीन एंड ग्रीन परिवार के आनरेरी लेफ्टिनेंट यशपाल चंद, बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि आलोक चौधरी, नव चेतना मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश पुनेड़ा, जितेंद्र धामी, शाहिद, हिमांशि, पल्लवी, प्रवीण राणा और खगेन्द्र बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व 11 वर्षीय एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड होल्डर ओजस पांडेय ने पवन और शुभम् का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में अतिथियों को स्मृतिचिह्न भी भेंट किए गए।
आईस संस्था अपनी सीमित संसाधनों के बावजूद पिथौरागढ़ में समय-समय पर साहसिक खेल, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रही है। संस्था द्वारा प्रतिवर्ष उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाता है।
कार्यक्रम का संचालन मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के सचिव जगदीश कलौनी ने किया। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


