पिथौरागढ़, 29 जुलाई 2026। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने सिल्थाम क्षेत्र में एक नाबालिग को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। मामले में वाहन स्वामी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹37,500 का चालान किया गया तथा मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक कमलेश जोशी अपनी टीम के साथ सिल्थाम क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। जांच में चालक नाबालिग निकला और उसने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।
दस्तावेजों की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चालक के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही वाहन के आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे। यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने संबंधित वाहन स्वामी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹37,500 का चालान किया और मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
पिथौरागढ़ पुलिस ने अभिभावकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। ऐसा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बन सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इनपुट: मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पिथौरागढ़।


