पिथौरागढ़। नैनो टेक्नोलॉजी आधारित उत्पादों के व्यापारिक विकास, बिजनेस मॉडल और प्रभावी मार्केटिंग रणनीतियों पर शोध करते हुए मयंक पुनेठा ने मैनेजमेंट विषय में पीएचडी पूरी की है। उनका शोध विषय “A Study on Business Model and Effective Marketing Strategies for Nanotechnology-Based Products in India” रहा।

मयंक पुनेठा ने यह शोध Centre of Excellence for Research में डॉ. जैनिश भगत के निर्देशन में पूरा किया। शोध के दौरान उन्होंने भारत में तेजी से विकसित हो रहे नैनो टेक्नोलॉजी क्षेत्र, इसके उत्पादों के बाजार, व्यावसायीकरण की संभावनाओं, उपभोक्ता व्यवहार, मार्केटिंग रणनीतियों और भविष्य के कारोबारी अवसरों का अध्ययन किया।

शोध में विशेष रूप से यह समझने का प्रयास किया गया कि वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं में विकसित नैनो टेक्नोलॉजी को सफल उत्पादों और व्यावसायिक मॉडल में कैसे परिवर्तित किया जा सकता है। साथ ही भारतीय बाजार की आवश्यकताओं और उपभोक्ताओं के व्यवहार को ध्यान में रखते हुए प्रभावी मार्केटिंग रणनीतियों पर भी अध्ययन किया गया।

शोध कार्य के दौरान मयंक ने विदेशों के शोधकर्ताओं के साथ अकादमिक सहयोग भी किया। उन्होंने विभिन्न देशों में नैनो टेक्नोलॉजी आधारित उत्पादों के विकास और उनके व्यावसायीकरण के तरीकों का तुलनात्मक अध्ययन किया। उनके शोध को भारत में नैनो टेक्नोलॉजी उत्पादों के बदलते व्यावसायिक परिदृश्य पर किए गए शुरुआती व्यापक अध्ययनों में माना जा रहा है।

मयंक पुनेठा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला टोटानौला से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने विवेकानंद विद्या मंदिर, पिथौरागढ़ तथा मिशन इंटर कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की। उच्च शिक्षा के दौरान उन्होंने डीएमएस, भीमताल से इंटरनेशनल बिजनेस एवं फाइनेंस में एमबीए किया। इसके बाद उन्होंने नैनो टेक्नोलॉजी उत्पादों के व्यापार, बाजार विकास और व्यावसायीकरण को अपने शोध का विषय बनाया।

नैनो टेक्नोलॉजी का उपयोग आज स्वास्थ्य, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा, पर्यावरण, वस्त्र, निर्माण और उन्नत सामग्री सहित कई क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में वैज्ञानिक अनुसंधान को बाजार तक पहुंचाने, भारतीय कंपनियों के लिए प्रभावी बिजनेस मॉडल विकसित करने और नई तकनीकों के सफल व्यावसायीकरण की दिशा में मयंक का शोध महत्वपूर्ण माना जा सकता है।

मयंक की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। _प्रकाश पाण्डेय