नैनीताल। पर्यटन सीजन, कैंची धाम मेला-2026, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा वीवीआईपी/वीआईपी ड्यूटियों के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नैनीताल पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सम्मान किया। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए जनपदभर में सम्मेलन एवं बड़े खाने का आयोजन भी किया गया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, पुलिस कार्यालय, पीएसी, आईआरबी, होमगार्ड्स एवं पीआरडी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यटन सीजन सहित कैंची धाम मेले एवं अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिस लाइन नैनीताल, मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी तथा जनपद के सभी थानों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलन के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सम्मेलन के उपरांत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से बड़े खाने में सहभागिता की। इस दौरान आपसी समन्वय, सौहार्द, अनुशासन और टीम भावना को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नैनीताल पुलिस जनसेवा, सुरक्षा और जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करती रहेगी।