पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के दुर्गम रालम गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिकित्सकीय टीम को गांव भेजा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम 7 अगस्त को हेली सेवा के माध्यम से रालम गांव पहुंची और वहां विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया।

शिविर में चिकित्सकीय टीम ने करीब 70 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों की शुगर, रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच के आधार पर चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया और ग्रामीणों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।

चिकित्सकों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल के उपयोग और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया।

स्वास्थ्य शिविर में डॉ. आशु अवस्थी, डॉ. मृगांक शुक्ला और फार्मेसी अधिकारी जीवन खरायत ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं, स्वस्थ हिमालय अभियान सोसाइटी की ओर से ग्राम सभा को आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग के लिए इमरजेंसी फर्स्ट एड किट भी उपलब्ध कराई गई।

खराब मौसम ने रोकी टीम की वापसी रालम गांव की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम को वापसी में भी चुनौती का सामना करना पड़ा। 7 अगस्त को हेली सेवा से गांव पहुंची टीम की वापसी खराब मौसम के कारण नहीं हो सकी। मौसम लगातार खराब रहने के चलते हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया, जिसके कारण चिकित्सकीय टीम को करीब पांच दिन तक गांव में ही रुकना पड़ा।

इस दौरान टीम ने ग्रामीणों के संपर्क में रहते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखीं। विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद चिकित्सकों ने ग्रामीणों को जरूरत के अनुसार उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह उपलब्ध कराई। मौसम में सुधार के बाद 11 अगस्त को हेली सेवा के माध्यम से टीम की वापसी हो सकी।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल और पूरी चिकित्सकीय टीम का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना था कि दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम के समय पर पहुंचने से बीमार लोगों को गांव में ही जांच, उपचार और दवाइयां मिल सकीं। इससे उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी तय कर बाहर जाने की परेशानी से राहत मिली।

रिपोर्ट: पंकज, पिथौरागढ़