पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की बेटियां अब राष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही हैं। महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिवाजी छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, महालुंगे में 17 से 20 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ की पांच खिलाड़ी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में जूनियर वर्ग के 42 किलोग्राम भार वर्ग में रिया मेहरा तथा 44 किलोग्राम भार वर्ग में नम्रता खत्री शामिल हैं। वहीं सीनियर वर्ग में शीतल कुंवर, मानसी बिष्ट और रिंज़ी डोलमा उत्तराखंड की टीम का हिस्सा बनकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।

पुणे रवाना हुई इन बेटियों के लिए यह प्रतियोगिता केवल पदक जीतने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच है। सीमांत जनपद से निकलकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचना अपने आप में इन खिलाड़ियों की लगन और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है।

बेटियों के लिए बनीं मिसाल इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पिथौरागढ़ की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। ताइक्वांडो जैसे खेल में आगे बढ़कर इन बेटियों ने यह संदेश दिया है कि संसाधनों की सीमाएं सपनों की राह नहीं रोक सकतीं, यदि मेहनत और हौसला मजबूत हो।

खेल मैदान में बेटियों की बढ़ती भागीदारी न केवल उन्हें आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि परिवार, समाज और जिले का नाम भी रोशन कर रही है। राष्ट्रीय स्तर पर पिथौरागढ़ की पांच बेटियों का चयन सीमांत क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है।

पदक के लिए बढ़ाए कदम प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ी पुणे रवाना हो चुकी हैं। जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो संघ के महासचिव कमलेश मखोलिया, सुरेश बहादुर, वीरेंद्र सिंह वल्दिया, ललित धानिक एवं प्रशिक्षक नवीन लुंठी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

पिथौरागढ़ की इन पांच बेटियों से अब पूरे जिले को उम्मीदें हैं। वे राष्ट्रीय मंच पर अपने खेल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक जीतने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी की बेटियों को यह संदेश देंगी कि “सपने बड़े हों तो मंजिल भी बड़ी हासिल की जा सकती है।”

पिथौरागढ़ की इन बेटियों के लिए पूरा जनपद दुआ कर रहा है—खेलो, जीतों और सीमांत का नाम रोशन करो! _ Kapil vaninews