पिथौरागढ़ जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में विगत दिवस थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में थाना जाजरदेवल और चौकी वड्डा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक सुप्रिया नेगी ने पुलिस टीम के साथ ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाया। इस दौरान रविन्द्र सिंह नामक चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर संबंधित वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
इसी दौरान मडेगांव क्षेत्र में प्रेम राम नामक व्यक्ति शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करता मिला। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद उसके उग्र व्यवहार को देखते हुए चौकी प्रभारी वड्डा उपनिरीक्षक आशीष रावत ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
इसके अलावा, उपनिरीक्षक आशीष रावत ने मोटर वाहन अधिनियम के एक मामले में लंबे समय से वांछित वारंटी अभियुक्त ललित भारत सौन को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने से बचें। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


