पिथौरागढ़, 29 जुलाई 2026। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध खनन, शराब पीकर वाहन चलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक वाहन को सीज भी किया गया।

पुलिस के अनुसार, ऐचोली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश जोशी ने टीम के साथ चेकिंग के दौरान पिकअप चालक हिमांशु कुमार को अवैध रूप से रेता (बालू) का परिवहन करते हुए पकड़ा। मामले में खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को सीज कर दिया गया।

वहीं बलुवाकोट थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष श्रीमती नीमा बोहरा के नेतृत्व में वाहन चेकिंग के दौरान खगेन्द्र गिरी को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए गिरफ्तार किया गया तथा उसका वाहन भी सीज किया गया। इसी क्षेत्र के ग्राम नगतड़ में पुष्कर सिंह द्वारा लड़ाई-झगड़ा करने और पुलिस अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर उसे बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया गया।

कोतवाली गंगोलीहाट क्षेत्र के जाखनी उप्रेती में नीरज सिंह द्वारा गाली-गलौज और उत्पात मचाने की सूचना पर उपनिरीक्षक आकिल सिद्दकी ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

इसी प्रकार थाना जाजरदेवल क्षेत्र के नाघर कुम्डार में मनोज सिंह द्वारा मारपीट और हंगामा करने पर उपनिरीक्षक सुप्रिया नेगी ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की।

इसके अलावा मुनस्यारी कस्बे में भूपेन्द्र सिंह और नरेन्द्र सिंह तोमक्याल शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हल्ला-गुल्ला और उत्पात मचाते पाए गए। थानाध्यक्ष अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से कानून का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इनपुट: मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पिथौरागढ़।