पिथौरागढ़, 31 जुलाई।
पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी एवं मासिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनपद के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, डिजिटल पुलिसिंग, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन एवं डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, सीएम हेल्पलाइन एवं सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा सीसीटीएनएस डेटा की गुणवत्ता एवं समयबद्ध अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लंबित अभियोगों का शीघ्र विवेचनात्मक निस्तारण कर आरोप पत्र एवं अंतिम रिपोर्ट (एफआर) समय से न्यायालय में प्रस्तुत करने, ई-एफआईआर एवं जीरो एफआईआर पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा न्यायालयीय सम्मनों एवं वारंटों की समयबद्ध तामील के भी निर्देश दिए गए।
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक ने अवैध भांग की खेती के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सामग्री पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान माह भर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना की गई।
बैठक में सीओ पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी, सीओ धारचूला के.एस. रावत, आरआई नरेश चन्द्र जखमोला सहित जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।


