पिथौरागढ़, 03 अगस्त।
कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में पिछले कुछ समय से विभिन्न मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी के अलावा 213.7 ग्राम अवैध चरस भी बरामद की है। मामले में आरोपी के खिलाफ मंदिर चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद कोतवाली पिथौरागढ़ में अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर एचोली क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने संतेष धामी उर्फ सन्नी धामी (21 वर्ष), पुत्र निवासी ग्राम गलाती, धारचूला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 31 मई 2026 की रात ग्राम पौण स्थित चण्डिका मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1,900 रुपये की नकदी भी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ दी गई है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 213.7 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की संलिप्तता भदेलवाड़ा मंदिर, पुनेड़ी मंदिर और लिन्ठ्यूड़ा मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं में भी रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह इससे पहले स्कूटी चोरी तथा मंदिर चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम उपनिरीक्षक कमलेश चन्द्र जोशी उपनिरीक्षक ललित डंगवाल कांस्टेबल गौरव सिंह कांस्टेबल दिगम्बर सिंह


