पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बुधवार (22 जुलाई 2026) को प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में एसओजी टीम ने सघन चेकिंग एवं गश्त के दौरान एक युवक को 3.20 ग्राम (कागज सहित) हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, घंटाकरण से लिन्ठ्यूड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजम अंसारी (22 वर्ष), निवासी लिन्ठ्यूड़ा, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हेरोइन का सेवन करने का आदी है। उसने स्वीकार किया कि वह स्मैक बरेली से एक व्यक्ति से खरीदकर लाता था। आरोपी स्वयं भी नशा करता था और अन्य लोगों को भी बेचता था, जिससे उसे आगे हेरोइन खरीदने के लिए पैसे मिल जाते थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पिथौरागढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास चरस, स्मैक या किसी अन्य प्रकार के मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त अथवा नशे से जुड़ी गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो इसकी सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी उपनिरीक्षक मनोज कुमार कांस्टेबल गोविन्द रौतेला कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल कांस्टेबल सोनू कार्की स्रोत: मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पिथौरागढ़।