पिथौरागढ़ | 06 जुलाई 2026 पिथौरागढ़ में अवैध स्कूटी एवं बाइक रेंटल कारोबार के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिकॉय ऑपरेशन में दो निजी स्कूटियों को सीज कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग के आरक्षी ग्राहक बनकर रेंटल संचालकों के पास पहुंचे और किराये पर वाहन लेने की प्रक्रिया पूरी की। जैसे ही बिना वैध व्यवसायिक अनुमति निजी स्कूटियां किराये पर उपलब्ध कराई गईं, पहले से तैनात प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को सीज कर दिया।

जांच में सामने आया कि दोनों निजी पंजीकरण वाले वाहन बिना व्यवसायिक अनुमति के किराये पर संचालित किए जा रहे थे, जो मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। वाहन स्वामियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में चालान एवं जुर्माने की कार्रवाई की गई।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान कुछ लोग निजी वाहनों को अवैध रूप से किराये पर देकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे वाहनों के पास न तो व्यवसायिक परमिट होता है और न ही यात्रियों की सुरक्षा संबंधी आवश्यक कानूनी व्यवस्थाएं होती हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में गंभीर कानूनी और आर्थिक जोखिम उत्पन्न हो सकते हैं।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे डिकॉय ऑपरेशन जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वाहन सीज करने सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पर्यटकों और आमजन से केवल अधिकृत एवं वैध रेंटल सेवाओं का ही उपयोग करने की अपील की गई है।