पिथौरागढ़। कैबिनेट मंत्री पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना मदन कौशिक ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, पंचायतीराज तथा आयुष विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पिथौरागढ़ जिले में पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

आपदा की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विभाग आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाए। आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।

उन्होंने आपदा अथवा अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों और पेयजल लाइनों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को लंबे समय तक परेशानी न हो। लंबित विस्थापन के मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

विद्यालयों, पंचायत घरों और अन्य जनोपयोगी सरकारी भवनों के क्षतिग्रस्त होने पर उनकी मरम्मत एवं आवश्यक पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

आपदा कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं होगी मदन कौशिक ने कहा कि सरकार के पास आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास कार्यों के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और प्रशासन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।

सभी पंचायत भवनों को बेहतर रखने के निर्देश पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में मंत्री ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों की स्थिति बेहतर रखने और उनका नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां भूमि चयन की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा गया।

उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं को मजबूत करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया।

आयुष आरोग्य मंदिरों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता पर जोर आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जिले के सभी आयुष आरोग्य मंदिरों का नियमित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा, ताकि आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस), आयुष्मान आरोग्य मंदिर डीडीहाट का उद्घाटन भी किया।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध मानव संसाधन, भवन, उपकरण, दवाइयों एवं अन्य संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं भी कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

_vaninews