पिथौरागढ़। उत्तराखंड में कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों के तहत पिथौरागढ़ जिले में कीवी उत्पादन को बड़े स्तर पर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिले में कुल 56.925 एकड़ यानी 22.77 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कीवी उद्यान स्थापित किए गए हैं। इससे 178 कृषकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार, जिला योजनान्तर्गत उच्च तकनीक आधारित बागान प्रणाली के तहत 13.40 एकड़ क्षेत्रफल में कीवी उद्यान स्थापित किए गए। इन उद्यानों में उच्च गुणवत्ता की पौध के साथ ट्रेलिस प्रणाली, ड्रिप सिंचाई और चेन लिंक घेरबाड़ जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस योजना में किसानों को 70 प्रतिशत राजसहायता दी गई है।
वहीं, जायका परियोजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में 5.36 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कीवी उद्यान स्थापित किए गए हैं। इससे जिले के 76 कृषक लाभान्वित हुए हैं।
गंगोलीहाट विकासखंड में कीवी की सामूहिक खेती को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर मॉडल को अपनाया गया है। चौना झलतोला और चाख गांवों में 28.025 एकड़ यानी 11.21 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कीवी उद्यान स्थापित किए गए हैं। इस पहल के तहत 72 कृषकों को सामूहिक रूप से लाभ मिला है। विभाग का मानना है कि क्लस्टर आधारित खेती से किसानों को संगठित और वैज्ञानिक तरीके से कीवी उत्पादन करने में मदद मिलेगी।
इसी तरह मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना के तहत मूनाकोट विकासखंड के मौली क्षेत्र में क्लस्टर मॉडल पर 2 एकड़ यानी 0.80 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कीवी उद्यान स्थापित किए गए हैं। इससे 8 लाभार्थी जुड़े हैं।
इसके अलावा उत्तराखंड कीवी नीति एवं सीएमआरकेवीवाई योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए 13.50 एकड़ यानी 5.40 हेक्टेयर क्षेत्रफल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 22 कृषकों का चयन कर लिया गया है और उनके उद्यान स्थापित करने का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
उद्यान विभाग की इन पहलों से सीमांत क्षेत्र के किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों की ओर बढ़ने का अवसर मिल रहा है। कीवी उत्पादन के लिए आधुनिक सिंचाई, ट्रेलिस और वैज्ञानिक बागान प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से आने वाले समय में जिले में कीवी का उत्पादन और क्षेत्रफल दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
— वाणी न्यूज़


