पिथौरागढ़। नगर के युवाओं एवं विद्यालयी छात्रों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में Adhirath Skill Bizz Development Foundation द्वारा मानस एकेडमी, पिथौरागढ़ में “नशा मुक्त युवा–Skill Bizz” जागरूकता, कौशल विकास एवं आपदा प्रबंधन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पिथौरागढ़ नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल भी मौजूद रहीं। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों एवं कानून की जानकारी और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं स्कूल आपदा प्रबंधन एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव और सुरक्षा के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, मानसिक, डिजिटल और आपदा प्रबंधन के स्तर पर सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य के अवसरों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में बार संघ अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन चंद्र भट्ट, पिथौरागढ़ पुलिस साइबर सुरक्षा सेल की प्रभारी नीरज भाकुनी, शिक्षाविद एवं मानस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अशोक पंत, डायरेक्टर श्रीमती मीनू भट्ट, प्रधानाचार्या सुनीता रावत, ADHIRATH फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक तिवारी सहित छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूरी, कौशल विकास और जागरूकता के जरिए सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया। _VANINEWS


