पिथौरागढ़। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी पिथौरागढ़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को 17.40 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी छोटी-छोटी बिट बनाकर युवाओं को हेरोइन बेचकर पैसा कमा रहा था।

10 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र के ऐचोली चौकी के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 17.40 ग्राम हेरोइन बरामद होने का पुलिस ने दावा किया।

गिरफ्तार आरोपी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय चतुर सिंह, निवासी ढकाली, दुर्लेख, कोतवाली डीडीहाट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

🔥 अब खुलेगा नशे के नेटवर्क का राज?

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

SOG टीम की कार्रवाई इस कार्रवाई में उ0नि0 मनोज कुमार, अपर उ0नि0 दीपक खनका, का0 सतेन्द्र सुयाल, का0 गोविन्द रौतेला, का0 सोनू कार्की तथा का0 त्रिभुवन जंगपांगी (चौकी ऐचोली) शामिल रहे।

📢 पुलिस की अपील पुलिस ने आम लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। आसपास चरस, स्मैक, हेरोइन अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर मानस हेल्पलाइन 1933 या पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।