VANI NEWS | पिथौरागढ़ पिथौरागढ़ नगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से लगातार गुलदार की आवाजाही देखे जाने से आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ था। विशेष रूप से कुमौड़ गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में बढ़ते खतरे से निजात दिलाने की मांग की थी।

ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने कुमौड़ के कोट क्षेत्र में एक पिंजरा लगाया था। सोमवार देर रात इस पिंजरे में एक गुलदार फंस गया। गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी के कारण लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर थे। बच्चों और महिलाओं में भी भय का माहौल था। ऐसे में गुलदार के पकड़े जाने से फिलहाल कुछ राहत मिली है।

हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में एक से अधिक गुलदार होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से रात के समय बाहर न निकलें, बच्चों को अकेले न भेजें और किसी भी स्थान पर गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है और आसपास के इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी गई है। विभाग का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

— VANI NEWS