पिथौरागढ़, 25 जुलाई। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन (NMOPS) जनपद पिथौरागढ़ के तत्वावधान में आज शनिवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रकाश रैली (कैंडल मार्च) का आयोजन किया जाएगा। संगठन ने जिले के सभी शिक्षक संगठनों, कर्मचारी संगठनों, अधिकारी संगठनों, पेंशनर्स, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों से इस जन-जागरण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।

आयोजकों के अनुसार कैंडल मार्च आज शाम 5:30 बजे रामलीला मैदान, टकाना से प्रारंभ होगा। इसके बाद रैली कलक्ट्रेट होते हुए केमओयू स्टेशन तक पहुंचेगी। इस दौरान प्रतिभागी पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

एनएमओपीएस ने अपने आह्वान में कहा है कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का अधिकार ही नहीं, बल्कि उनका स्वाभिमान और सामाजिक सुरक्षा का आधार भी है। संगठन का कहना है कि यह संघर्ष केवल वर्तमान कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन से भी जुड़ा हुआ है।

संगठन ने कर्मचारियों और आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे एकजुट होकर इस जनआंदोलन को मजबूत बनाएं। कार्यक्रम के दौरान "एक दीप – पुरानी पेंशन के नाम" और "एक कदम – कर्मचारियों के सम्मान के नाम" का संदेश भी दिया जाएगा।

आंदोलन के समर्थन में संगठन ने "पुरानी पेंशन बहाल करो, कर्मचारियों का सम्मान करो" का नारा बुलंद करते हुए सभी संबंधित संगठनों एवं सदस्यों से कैंडल मार्च में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।