पिथौरागढ़, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन पिथौरागढ़ स्थित शहीद स्मारक पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र एवं जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए नमन किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस उपाधीक्षक श्री गोविन्द बल्लभ जोशी, प्रतिसार निरीक्षक (RI) श्री नरेश चन्द्र जखमोला सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शहीद पुलिस कर्मियों के त्याग, समर्पण और कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को याद किया गया। पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा करने और देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
वीर पुलिस कर्मियों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान सदैव पुलिस बल के जवानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका योगदान देश और समाज के प्रति सेवा, समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना को निरंतर मजबूत करता रहेगा।


