पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के विकासखंड कनालीछीना की ग्रामसभा दिगरा-मुवानी में उद्योग निदेशालय, उत्तराखंड शासन के तत्वावधान में तथा जिला उद्योग केंद्र पिथौरागढ़ के प्रायोजन से सामाजिक संस्था ‘उपलब्धि’ सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति द्वारा 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को सरकारी उद्यमिता और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना तथा लगातार बढ़ते पलायन पर रोक लगाने की दिशा में पहल करना रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र पिथौरागढ़ की सहायक प्रबंधक रिचा पांडेय ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), स्टार्टअप इंडिया, बैंक ऋण, सब्सिडी, प्रशिक्षण तथा विभिन्न योजनाओं में आवेदन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अपने व्यवसाय की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।

संस्था के अध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों और उत्पादों पर आधारित उद्यम स्थापित कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने जैविक खेती, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, पशुपालन, हस्तशिल्प और होमस्टे जैसे व्यवसायों को स्वरोजगार के बेहतर विकल्प बताया।

उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता भी कम होगी। सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध प्रशिक्षण, बैंक ऋण और सब्सिडी संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाकर युवा अपने गांव में ही उद्यम स्थापित कर सकते हैं।

संस्था के सचिव अरविंद सिंह ज्याला ने कहा कि ‘उपलब्धि’ सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देकर पलायन की समस्या को कम करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दिगरा-मुवानी जगत सिंह सामंत, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिगरा-मुवानी राहुल कुमार सहित ‘उपलब्धि’ सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति की टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार के विभिन्न विकल्पों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।