पौड़ी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा पौड़ी जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांव तक भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली।

जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस महान सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों की निगरानी तथा तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से जनसेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास, खेल, रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित पौड़ी के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया। इस दौरान अंडर-14 एवं अंडर-17 क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों एवं वीर नारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जनपद के सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया।

समारोह के बाद रांसी स्टेडियम के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं पौधा रोपते हुए कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने रोपे गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, डीएफओ महातिम यादव, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र खंकरियाल ने किया।