पिथौरागढ़। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पिथौरागढ़ पुलिस ने अवैध रूप से आर्मी यूनिफॉर्म का भंडारण एवं बिक्री करने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई आर्मी इंटेलिजेंस से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कासनी क्षेत्र स्थित एक दुकान में छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में सेना की वर्दी बरामद हुई, जिसे आम नागरिकों को बेचे जाने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार सुरक्षा कारणों से सेना की यूनिफॉर्म का आम नागरिकों को विक्रय प्रतिबंधित है। ऐसे में सैन्य वर्दी का अवैध रूप से आम लोगों तक पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जाता है।

कार्रवाई के दौरान दुकान स्वामी हिमांशु गिरी, निवासी कासनी, पिथौरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद सैन्य वर्दियों को कब्जे में लेते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 318(4) एवं 349 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:

उपनिरीक्षक कमलेश चन्द्र जोशी कांस्टेबल त्रिलोक सिंह कांस्टेबल विशाल रावत कांस्टेबल दिगम्बर सिंह स्रोत: पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पिथौरागढ़।