देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार, 16 सितंबर को अपना 51वां जन्मदिन देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD), पूर्व NIVH में दृष्टि दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और काफी समय उनके बीच बिताया ।
मुख्यमंत्री के संस्थान पहुंचने पर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। धामी ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य को लेकर बातचीत की। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर उनके लिए ‘बार-बार ये दिन आए’ गीत गाया। बच्चों की ओर से दी गई इस आत्मीय शुभकामना ने मुख्यमंत्री को भावुक कर दिया और उनकी आंखें नम हो गईं।
बच्चों के इस स्नेह के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों की खुशी और उनके स्नेह को अपने जन्मदिन का विशेष और यादगार उपहार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता होती है। जरूरत है कि उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले। उन्होंने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। धामी ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समान अवसर, सम्मान और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे। बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद और जन्मदिन का यह आत्मीय कार्यक्रम पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
_कपिल भट्ट


