पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र से सड़क संपर्क को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। चौबाटी–बरम–बचकूड़ी मोटर मार्ग पर नाकुड़ा से थोड़ा आगे बैरागढ़ क्षेत्र में भारी स्लाइडिंग आने से सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मौके का वीडियो सामने आया है, जिसमें भूस्खलन के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब दिखाई दे रही है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, स्लाइडिंग की चपेट में आने से पेयजल पाइपलाइन भी पूरी तरह टूट गई है। इससे क्षेत्र के लोगों के सामने आवागमन के साथ-साथ पेयजल संकट की स्थिति भी पैदा हो सकती है।
बताया जाता है कि चौबाटी–बरम–बचकूड़ी मोटर मार्ग की लंबाई करीब 10.50 किलोमीटर है और इसका निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना यानी PMGSY के तहत किया गया था। यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सड़क संपर्क का काम करता है।
सड़क के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के जरूरी कामों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सड़क और पेयजल पाइपलाइन की जल्द से जल्द मरम्मत किया जाना बेहद जरूरी है।
अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग इस गंभीर स्थिति का कब तक संज्ञान लेता है और मौके पर राहत एवं मरम्मत कार्य कब शुरू किया जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर सड़क संपर्क तथा पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
फिलहाल सामने आए वीडियो ने क्षेत्र की जमीनी स्थिति को साफ कर दिया है और अब लोगों को विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।


