पिथौरागढ़। ग्राम सभा बस्तड़ी में आज वर्ष 2016 की भीषण जलप्रलय आपदा में जान गंवाने वाले 21 ग्रामीणों की स्मृति में 10वीं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत आपदा में असमय काल के ग्रास बने 21 ग्रामीणों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके उपरांत ग्राम प्रधान मंजू भट्ट ने स्मृति स्थल पर माल्यार्पण किया। उपस्थित ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर अपने प्रियजनों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख महिमान कन्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य उमेश भट्ट, समाजसेवी कृष्ण चन्द्र भट्ट (आर.के.), जीवन चन्द्र भट्ट, चन्द्रबल्लभ भट्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि 1 जुलाई 2016 का दिन बस्तड़ी के इतिहास का सबसे दर्दनाक दिन था, जब भीषण जलप्रलय ने पूरे गांव को झकझोर दिया था। इस त्रासदी में 21 ग्रामीणों की असामयिक मृत्यु हुई और गांव का अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया। इस विनाशकारी आपदा के बाद विस्थापित परिवारों ने सिंहाली क्षेत्र में नया जीवन शुरू किया, लेकिन अपनों को खोने का दर्द आज भी उनके दिलों में जीवित है। इस घटना के बाद गांव के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू हुई और मूल बस्तड़ी गांव को भू-वैज्ञानिकों ने रहने के लिए असुरक्षित माना था।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि आपदा में दिवंगत हुए ग्रामीणों की स्मृतियों को सदैव जीवित रखा जाएगा तथा भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव एवं जागरूकता के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम का समापन दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना एवं श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भावुक रहा और हर आंख अपने बिछड़े परिजनों की याद में नम दिखाई दी।


