पिथौरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से विकासखंड बिण में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने प्रतिभाग कर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में कुल 21 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 419 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान कलस्टर लेवल फेडरेशन के अंतर्गत विभिन्न समूहों को करीब 6.5 लाख रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। वहीं, दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना लक्ष्य केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद गरीब कल्याण और जनसुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। बिजली, पेंशन, रसोई गैस, शौचालय और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में सड़क और विद्युत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा आवासविहीन लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा गरीब कल्याण के साथ ही स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
हवाई सेवा से बेहतर हुई कनेक्टिविटी : टम्टा अजय टम्टा ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से पिथौरागढ़ में आजीविका के नए अवसर बढ़ रहे हैं। हवाई सेवा के विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। उन्होंने इन प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
शिकायतों के निस्तारण की नियमित हो रही मॉनिटरिंग जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की शिकायतों और सुझावों को प्राथमिकता के साथ सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित कर रहा है। विकास भवन में हेल्प डेस्क के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण की नियमित अपडेट ली जा रही है। वहीं ‘हेलो हेल्प पिथौरागढ़’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेएस चुफाल सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।


