पिथौरागढ़। स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू में शुक्रवार को सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण किया गया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने ट्रॉफी का अनावरण करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में संसदीय क्षेत्र की 12 विधानसभाओं से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सांसद खेल ट्रॉफी का आयोजन खेल महाकुंभ के माध्यम से किया जा रहा है। खिलाड़ियों का चयन न्याय पंचायत स्तर से शुरू हुआ, जिसके बाद विधानसभा स्तर पर प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों और युवाओं ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया है।
उन्होंने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण की भावना विकसित करते हैं। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा सामाजिक बुराइयों और मोबाइल तक सीमित जीवनशैली से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में 12 विधानसभाओं के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है और अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना की भावना मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में दर्जाधारी गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


