पिथौरागढ़, 7 अगस्त। थल थाना क्षेत्र के बूँगाछीना बाजार में बुधवार दोपहर हुई पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में पीजीआई कॉलेज बूँगाछीना के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को दोपहर 1:29 बजे दुर्घटना की सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार तथा कांस्टेबल जगदीश मारकोना तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन मिले। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले ही एम्बुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेजा जा चुका था।
दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान दिव्यांश पुत्र गिरीश कापड़ी, निवासी सतगढ़, कनालीछीना तथा कमल बोरा पुत्र होशियार सिंह, निवासी चौपता, देवलथल, थाना थल के रूप में हुई। दोनों पीजीआई कॉलेज बूँगाछीना के छात्र थे।
चिकित्सीय परीक्षण में दिव्यांश को सामान्य चोटें आईं, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में चल रहा है। वहीं कमल बोरा गंभीर रूप से घायल था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना का विवरण IRAD पोर्टल पर दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मामले में थल पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
VANI NEWS शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा घायल छात्र के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।


