पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कोतवाली अस्कोट पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में सघन गश्त अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व कोतवाली अस्कोट के प्रभारी निरीक्षक (SHO) रविन्द्र यादव ने पुलिस टीम के साथ किया।

संयुक्त गश्त के दौरान पुलिस एवं SSB की टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे संवेदनशील स्थानों, आवाजाही वाले मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। टीम ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निगरानी की।

अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों से भी संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या SSB को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पिथौरागढ़ पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और SSB द्वारा संयुक्त गश्त अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

स्रोत: मीडिया सेल, पिथौरागढ़ पुलिस।