भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चाफी, अलचौना, पांडेयछोड़, भीमताल, कुवाताल सहित विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में सड़क मार्गों, आवासीय भवनों सहित अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने और राहत कार्यों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल नाले में बहने से मृत बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आपदा मद से ₹4 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा। उन्होंने बच्ची की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि आपदा के कारण कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई भवनों पर खतरा बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त करने तथा आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने को कहा। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्रोत: DIPR नैनीताल


