पिथौरागढ़, 3 अगस्त। कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन में 50 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में वांछित अभियुक्त मनोहर जोशी निवासी बसन्त विहार, मुखानी, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त मनोहर जोशी पर एक महिला से 50 लाख रुपये प्राप्त करने के बाद भुगतान के लिए चेक देने का आरोप है। जब संबंधित महिला ने चेक को बैंक में प्रस्तुत किया तो वह अनादृत (चेक बाउंस) हो गया। इस मामले में न्यायालय में वाद विचाराधीन है।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय द्वारा अभियुक्त को कई बार समन जारी कर पेश होने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा। इसके चलते न्यायालय ने उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया।

वारंट के अनुपालन के लिए कोतवाली पिथौरागढ़ से गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस टीम की सहायता से हल्द्वानी में दबिश दी और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी अभियान में अपर उपनिरीक्षक कुबेर सिंह, कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल शेखर बुढियाल एवं कांस्टेबल हेमन्त पटवाल के साथ सर्विलांस टीम के अपर उपनिरीक्षक हेम चन्द्र तथा कांस्टेबल कमल तुलेरा शामिल रहे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।