देवीधुरा। चंपावत जिले के प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा में रविवार को ऐतिहासिक 13 दिवसीय बग्वाल मेले का भव्य शुभारंभ हो गया। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने मां बाराही मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
कैबिनेट मंत्री के रूप में देवीधुरा पहुंचने पर राम सिंह कैड़ा का क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। हनुमान मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो देवीधुरा बाजार से होते हुए मां बाराही धाम पहुंची। उद्घाटन समारोह में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मां बाराही धाम में आयोजित यह मेला 23 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगा। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण 28 अगस्त को खोलीखांड मैदान में होने वाली ऐतिहासिक बग्वाल होगी। चार खाम और सात थोक से जुड़े बग्वाली वीर इस पारंपरिक आयोजन में हिस्सा लेंगे।
मेले को लेकर देवीधुरा में उत्सव जैसा माहौल है। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मां बाराही धाम की बग्वाल उत्तराखंड की विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक मानी जाती है। देश-विदेश से श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने देवीधुरा पहुंचते हैं।
वाणी न्यूज


