पिथौरागढ़, 27 सितंबर 2026। पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के समीप मुन्ना बैंड में पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने रविवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की वर्तमान स्थिति, पहाड़ी से गिर रहे मलबे और पत्थरों तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों से मुन्ना बैंड की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार डीपीआर और स्वीकृति प्रक्रिया की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि स्थायी उपचार के लिए उच्च स्तर से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता जिलाधिकारी ने कहा कि मुन्ना बैंड की संवेदनशीलता को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क से मलबा और पत्थर हटाने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

एसडीआरएफ टीम रहेगी तैनात यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात रहेगी। प्रशासन ने यात्रियों को संवेदनशील क्षेत्र में आवश्यक सावधानियां बरतने और मौके पर तैनात अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

प्रशासन के अनुसार वर्तमान में मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है, हालांकि पहाड़ी से पत्थर गिरने की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थायी उपचार के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई है। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज