मुवानी (पिथौरागढ़)। मुवानी व्यापार संघ का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उद्योग व्यापार मंडल पिथौरागढ़ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जोशी एवं जिला महामंत्री नवल किशोर रावल ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए संगठन की गरिमा बनाए रखने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण करने वाले पदाधिकारियों में अध्यक्ष सुमित पाल, उपाध्यक्ष संजय भट्ट, कोषाध्यक्ष गोकुल भट्ट, सचिव संजय पंत तथा महामंत्री पीयूष बोहरा शामिल रहे।
इस अवसर पर नव निर्वाचित अध्यक्ष सुमित पाल ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन से क्षेत्र के व्यापारियों के हित में प्रभावी कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
— वाणी न्यूज़


